दानापुर मंडल के आरा समेत कई स्टेशनों और ट्रेनों में एक साथ चला मेगा टिकट चेकिंग अभियान, कुल 6777 बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए यात्री

दानापुर मंडल के आरा समेत कई स्टेशनों और ट्रेनों में एक साथ चला मेगा टिकट चेकिंग अभियान

दानापुर मंडल के आरा समेत कई स्टेशनों और ट्रेनों में एक साथ चला मेगा टिकट चेकिंग अभियान, कुल 6777 बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए यात्री
Image Slider
Image Slider
Image Slider

आरा/दानापुर: पूर्व मध्य रेल का दानापुर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से बिना टिकट एवं अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वालों के विरुद्ध मंडल में नियमित रूप से सघन टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है।

वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर अभिनव सिद्धार्थ के नेतृत्व में मंडल के प्रमुख स्टेशनों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों में मेगा टिकट चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान विशेष टिकट जांच दल गठित कर प्रमुख ट्रेनों एवं स्टेशनों पर गहन जांच की गई। जांच अभियान के दौरान कुल 6777 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले यात्री पकड़े गए, जिनसे दंड एवं किराये के रूप में कुल ₹52.07 लाख का राजस्व अर्जित किया गया। इस विशेष अभियान के परिणामस्वरूप स्टेशन टिकट काउंटरों पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई तथा यात्रियों में उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ी।

अभियान के दौरान मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर अभिषेक कुमार तिवारी स्वयं जमुई स्टेशन पर उपस्थित रहकर टिकट जांच अभियान का निरीक्षण एवं मार्गदर्शन करते रहे। वहीं सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री प्रदीप कुमार ने किऊल जंक्शन स्टेशन पर अभियान की निगरानी की। इसके अतिरिक्त मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग के निरीक्षक, अधीक्षक एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) कर्मी भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने कहा कि दानापुर मंडल द्वारा इस प्रकार के सघन टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे। साथ ही दानापुर मंडल यात्रियों से अपील करता है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर उचित श्रेणी में हीं यात्रा करें तथा भारतीय रेल की सेवाओं का लाभ उठाएं।"

आरा से NBC 24 के लिए नेहा गुप्ता की रिपोर्ट